पति को छोड़ने का दबाव और झूठे केस की धमकी, दरोगा पर संगीन आरोप
फोन कॉल से शुरू हुआ मामला, शिकायत तक पहुंची बात
जिले के रामनगर थाने में तैनात एक दरोगा पर जांच के दौरान महिला से कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए दरोगा पर छेड़छाड़, मानसिक उत्पीड़न और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं।
जांच के बहाने बढ़ाई नज़दीकियां
महिला के अनुसार, दिसंबर 2024 में एक पारिवारिक विवाद के सिलसिले में दरोगा अखिलेश यादव से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआत में बातचीत केस से जुड़ी थी, लेकिन बाद में दरोगा बार-बार फोन करने लगे। महिला का आरोप है कि वह उसे पति को छोड़ने और उनसे बात करने के लिए दबाव बनाते थे।
पति को फंसाने की धमकी
पीड़िता का कहना है कि दरोगा ने उसे अच्छी नौकरी दिलाने का लालच भी दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसने कथित तौर पर उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि दरोगा ने जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, हाथ पकड़ा और अशोभनीय हरकतें कीं। महिला ने कहा कि वह इज्जत की खातिर सभी बातें सार्वजनिक नहीं कर सकती, लेकिन लगातार हो रहे फोन कॉल और दबाव से वह बेहद परेशान थी।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से की गई है। एसपी ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।


