आगरा में दिल दहला देने वाली वारदात, पुल पर बोरे में फेंका गया महिला का शव
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जवाहर पुल पर एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात व्यक्ति महिला के शव को बोरे में भरकर पुल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को यमुना नदी में फेंकने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन किसी राहगीर के आ जाने पर आरोपी शव को पुल पर ही छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना रात करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलने पर डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास, जो पहले से ही क्षेत्र में मौजूद थे, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब बोरे को खोला गया तो उसके अंदर लगभग 28 वर्षीय महिला का शव मिला। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और शव को ठिकाने लगाने के लिए जवाहर पुल लाया गया था। डीसीपी सिटी के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी की तलाश तेज़ कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


