सस्ते आयात पर लगाम: भारत ने कुछ स्टील उत्पादों पर 3 साल के लिए टैरिफ लगाया
भारत सरकार ने घरेलू इस्पात उद्योग को राहत देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने कुछ चुनिंदा स्टील उत्पादों के आयात पर अगले तीन वर्षों तक सुरक्षा शुल्क (सेफगार्ड ड्यूटी) लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत आयात शुल्क धीरे-धीरे घटेगा, लेकिन शुरुआती दौर में इसका असर साफ दिखेगा।
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक,
- पहले वर्ष स्टील आयात पर 12% शुल्क लगाया जाएगा,
- दूसरे वर्ष इसे घटाकर 11.5%,
- और तीसरे वर्ष 11% कर दिया जाएगा।
चीन से सस्ते स्टील पर लगेगी लगाम
बीते कुछ समय से चीन से भारत में सस्ते स्टील का आयात तेजी से बढ़ा है। सरकार इसे डंपिंग मान रही है, जिससे भारतीय स्टील कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि आयात में आई अचानक और तेज़ बढ़ोतरी से घरेलू उद्योग को गंभीर क्षति पहुंची है और आगे भी नुकसान की आशंका बनी हुई है। इसी वजह से अस्थायी सुरक्षा शुल्क को जरूरी बताया गया है।
कुछ देशों को राहत, कुछ पर सख्ती
इस फैसले में सभी देशों को एक जैसा नहीं देखा गया है। कुछ विकासशील देशों को इस शुल्क से छूट दी गई है, लेकिन चीन, वियतनाम और नेपाल से आने वाले स्टील उत्पादों पर यह ड्यूटी लागू होगी। हालांकि, स्टेनलेस स्टील और कुछ विशेष स्टील उत्पाद इस दायरे से बाहर रखे गए हैं। गौरतलब है कि सरकार ने इससे पहले अप्रैल महीने में 200 दिनों के लिए 12% की अंतरिम सेफगार्ड ड्यूटी भी लगाई थी। नया फैसला उसी नीति की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है, जिसका मकसद भारतीय स्टील उद्योग को प्रतिस्पर्धा में टिकाए रखना है।


