राजधानी लखनऊ के बाजारखाला इलाके में चीनी मांझे की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यभर में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस खतरनाक मांझे के कारण होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में माना जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। लखनऊ के कई इलाकों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी की गई। हैदरगंज और मोतीझील क्षेत्र में पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर संदिग्ध दुकानों की जांच की और प्रतिबंधित मांझा जब्त किया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। की गई कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं भी चीनी मांझे की बिक्री या उपयोग न हो।
कैसे हुआ हादसा
बुधवार दोपहर बाजारखाला-हैदरगंज ओवरब्रिज पर बाइक से जा रहे सैयद शोएब (34) अचानक हवा में लटक रहे चीनी मांझे की चपेट में आ गए। मांझा उनकी गर्दन में फंस गया और नस कट जाने से उन्हें गंभीर चोट आई। दर्द से तड़पते हुए उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, मगर अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।


