बदायूं: कार के नीचे घसीटते आए युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के बदायूं में शुक्रवार देर शाम एक रहस्यमयी और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक सभी को चौंका दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर तिराहे के पास एक कार के नीचे युवक का शव घसीटता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शहर की ओर आ रही एक कार को पीछे से आ रहे स्कॉर्पियो सवार ने ओवरटेक कर रोका और चालक को बताया कि उसकी गाड़ी के नीचे कोई व्यक्ति फंसा हुआ है। जब कार चालक ने वाहन रोककर नीचे देखा तो युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे पहचान हुई। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी घलेंद्र पुत्र चुन्नीलाल के रूप में हुई। वह पेशे से राजमिस्त्री था। वहीं कार चालक की पहचान असरासी गांव निवासी प्रवेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जिनका शहर में भी आवास बताया जा रहा है। कार चालक का कहना है कि रोज़ की तरह वह गांव से शहर आ रहे थे और रास्ते में किसी तरह की टक्कर या दुर्घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि युवक कार के नीचे कैसे आ गया।
परिजनों ने बताया कि घलेंद्र शुक्रवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था और किसी रिश्तेदारी में दावत में जाने की बात कहकर गया था। शाम करीब सात बजे परिवार को सूचना मिली कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। जब वे मोर्चरी पहुंचे तो शव कार के नीचे घसीटे जाने की हालत में मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि अगर वह बाइक से गया था, तो उसका शव कार के नीचे कैसे पहुंचा—यह पूरे मामले को और संदिग्ध बना रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना स्थल और संभावित दुर्घटना स्थान की तलाश के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। इस संबंध में एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।


