गौतमबुद्धनगर जिले में शुक्रवार को आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिनसे इलाके में सनसनी फैल गई। पहली घटना नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र की है, जहां एक 12 वर्षीय बच्चे ने कथित तौर पर मां की डांट से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरी घटना सेक्टर-19 इलाके की है, जहां मानसिक तनाव से जूझ रही एक युवती ने आत्महत्या कर ली।
टीवी देखने से रोके जाने पर उठाया खौफनाक कदम
थाना फेस-2 क्षेत्र के नगला चरण दास गांव में रहने वाला गोलू पांचवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह टीवी देखने का अत्यधिक शौकीन था। इसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट लगाई और केबल कनेक्शन कटवाने की बात कही। इससे बच्चा काफी परेशान हो गया और रात में उसने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मानसिक तनाव से जूझ रही युवती ने की आत्महत्या
दूसरी घटना नोएडा के सेक्टर-19 इलाके की है, जहां 24 वर्षीय युवती कोमल ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, कोमल पेशे से डिजाइनर थी और काफी समय से मानसिक तनाव में थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या जैसे मामलों में समाज और परिवार की भूमिका बेहद अहम है, ताकि समय रहते पीड़ित को भावनात्मक सहारा मिल सके।


