सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के भावड़ गांव में शुक्रवार शाम शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क हादसे में रोहतक के पांच युवकों की मौत की खबर पहुंची। कुछ ही देर पहले तक जहां डीजे की धुनों पर खुशियां झूम रही थीं, वहीं पलभर में पूरा माहौल गमगीन हो गया। भावड़ गांव में जौहरी नंबरदार के बेटे सेवेंद्र की बेटी सोनिका और भाई बिजेंद्र की बेटी मोनिका की शादी का आयोजन था। सोनिका की विदाई हो चुकी थी, जबकि मोनिका की बरात का इंतजार किया जा रहा था। तभी सूचना मिली कि भात भरकर लौट रहे युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। खबर मिलते ही ढोल-डीजे बंद कर दिए गए और सजे-धजे पंडाल में मातम छा गया।

हादसा गोहाना-भावड़ मार्ग पर शाम करीब सात बजे हुआ, जब स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत भगत फूल सिंह मेमोरियल महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, खानपुर कलां पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सागर (22), गोलू (24), दीपक, साहिल और अंकुश के रूप में हुई है। इनमें से गोलू दो माह पहले ही शादी के बंधन में बंधा था और परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ शादी की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। हर आंख नम है और हर जुबान पर बस एक ही सवाल—एक पल में सब कुछ कैसे बदल गया।


