आगरा जिले के खंदौली कस्बे के मोहल्ला व्यापारियन में रविवार को पैसों के लेन-देन को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और सरियों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात इतने बिगड़ चुके थे कि पुलिस भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सकी। इसके बाद थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद उपद्रवियों को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला निवासी साकिब और खंदौली के प्रधान राजकुमार तथा उसके भाई दशरथ के बीच लंबे समय से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को दशरथ साकिब के पास हिसाब-किताब करने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों में बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद दशरथ ने अपने भाई प्रधान राजकुमार समेत कुछ अन्य लोगों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मौके से प्रधान राजकुमार, दशरथ, मुस्तकीम, शकील, साकिब और साकिर समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। सभी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
साकिब पक्ष का कहना है कि उसके ताऊ शकील ने इलाज के लिए दशरथ से 50 हजार रुपये उधार लिए थे, जिनका मूलधन और भारी ब्याज पहले ही चुकाया जा चुका है। इसके बावजूद दशरथ दोबारा रुपये मांग रहा था। पुलिस उपनिरीक्षक विक्रम सिंह की तहरीर पर 10 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट में घायल साकिब का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


