जगन्नाथ पुरी से लौटते वक्त हादसा: खंदौली में कंटेनर ने दो ऑटो रौंदे, पांच मृत
शनिवार को आगरा के थाना खंदौली इलाके में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रहे दो ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री जगन्नाथ यात्रा से लौट रहे थे और ऑो से अपने घर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी पीछे से आए तेज गति के कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट भी की।
जानकारी के अनुसार, सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव भादऊ के सात लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी यात्रा पर गए थे। दर्शन के बाद वे शनिवार को जबलपुर से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे और वहां से ऑटो बुक कर अपने गांव लौट रहे थे। नगला चंदन जलेसर रोड पर पहुंचते ही कंटेनर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद की मौत हो गई। वहीं धन प्रसाद, विजय सिंह और उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। धन प्रसाद को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है, जबकि विजय सिंह और उदय सिंह का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रणवीर सिंह को रिटायर्ड दारोगा बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।


