टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को क्रिकेट प्रेमियों को ऐसा रोमांच देखने को मिला, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। South Africa national cricket team और Afghanistan national cricket team के बीच खेला गया मुकाबला न सिर्फ टाई हुआ, बल्कि इसके बाद पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर छूटा। आखिरकार दूसरे सुपर ओवर में जाकर मैच का फैसला हुआ, जहां साउथ अफ्रीका ने जीत अपने नाम कर ली।
साउथ अफ्रीका ने रखा था मजबूत स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने छह विकेट खोकर 187 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 41 गेंदों में 59 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि रियान रिकल्टन ने सिर्फ 28 गेंदों पर 61 रन जड़ दिए। अंत में मार्को यानसेन ने 7 गेंदों में 16 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया।
अफगानिस्तान ने कर दिया मुकाबला बराबर
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने भी 187 रन बना दिए, हालांकि 19.4 ओवर में पूरी टीम ऑलआउट हो गई। इसके बावजूद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने से मैच टाई घोषित हुआ और मामला सुपर ओवर तक पहुंच गया।
पहला सुपर ओवर भी रहा टाई
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 6 गेंदों में 18 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने भी उतने ही रन ठोक दिए, जिससे मुकाबला फिर से बराबरी पर आ गया।
दूसरे सुपर ओवर में बदली तस्वीर
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 24 रन बना डाले। अफगानिस्तान की टीम जवाब में सिर्फ 19 रन ही बना सकी और इस तरह साउथ अफ्रीका ने बेहद रोमांचक जीत दर्ज की।
अफगानिस्तान की राह मुश्किल
इस हार के बाद अफगानिस्तान की सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीदें काफी कमजोर हो गई हैं। अब उन्हें अपने बाकी बचे दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे और साथ ही अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।


