कर्नाटक के बेलगावी जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संतान न होने से नाराज़ एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और अपराध छिपाने के लिए उसकी मौत को दिल का दौरा बताया। हालांकि, सच्चाई ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव में घटी दर्दनाक वारदात
यह घटना बेलगावी जिले के बैलहोंगल तालुक के नेगिनहाल गांव की है। यहां रहने वाली राजेश्वरी फकीरप्पा गिलक्कनवर की उसके पति फकीरप्पा गिलक्कनवर ने कथित तौर पर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने रिश्तेदारों को सूचना दी कि उसकी पत्नी की मौत अचानक दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
शव देखकर टूटा झूठ का पर्दाफाश
जब राजेश्वरी के माता-पिता अंतिम संस्कार के लिए गांव पहुंचे, तो बेटी के शव को देखकर उन्हें कुछ गड़बड़ महसूस हुई। गले पर मौजूद निशानों ने उनके संदेह को और गहरा कर दिया। बिना देर किए उन्होंने इस बारे में बैलहोंगल पुलिस स्टेशन को जानकारी दी।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और जल्द ही मामला हत्या का निकला। राजेश्वरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेलगावी के बीआईएमएस अस्पताल भेजा गया, जहां प्रारंभिक रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पुलिस पूछताछ में फकीरप्पा गिलक्कनवर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद राजेश्वरी का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।


