16.6 C
Agra
Homeआगराकथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर खड़िया गांव में हंगामा, पुलिस जांच...

कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर खड़िया गांव में हंगामा, पुलिस जांच में जुटी

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत खड़िया में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव में कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना फैली। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक विशेष समुदाय से जुड़े सत्संग को लेकर विरोध जताने लगे। बताया जा रहा है कि गांव निवासी देवेंद्र और लक्ष्मण, दोनों पुत्र सुल्तान के घर पर पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित रूप से सत्संग का आयोजन हो रहा था। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य धार्मिक गतिविधि मानकर नजरअंदाज किया, लेकिन हाल के दिनों में इस आयोजन को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी थीं।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों को जानकारी मिली कि सत्संग के जरिए कुछ लोगों को कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। उस समय सत्संग में गांव की महिलाओं के साथ-साथ बाहर से आई कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं। बढ़ते विरोध को देखते हुए बाहरी महिलाएं अपनी गाड़ियों से वहां से चली गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुल्तान की 19 वर्षीय बेटी दुर्गेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिवारजन मानते हैं कि उस पर किसी तरह का साया है, इसी कारण उसकी भलाई के लिए सत्संग कराया जा रहा था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल धर्म परिवर्तन से जुड़ी किसी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि यदि इस संबंध में कोई तहरीर मिलती है तो मामले की गहन जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में गांव की स्थिति पूरी तरह शांत है। वहीं ग्राम प्रधान सोनू का कहना है कि परिवार द्वारा किया जाने वाला सत्संग सामान्य नहीं लगता और अन्य ग्रामीणों ने भी बताया है कि बाहर से महिलाएं यहां आती रहती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments