तेज रफ्तार और झपकी का कहर: एटा में बड़ा सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आसपुर-सकीट रोड पर बावली नहर के पास करीब सुबह 7:30 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड़गांव से गणेशपुरा (थाना कुरावली, मैनपुरी जिला) जा रही एक कार चालक को झपकी आ जाने से अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से उतरकर दाहिनी ओर गड्ढे में चली गई और एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर सभी को कार से बाहर निकाला। इनमें से तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बाद में घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान खुशबू (निवासी जखुआ) और राहुल यादव (निवासी गणेशपुरा) के रूप में हुई है। वहीं, मृतकों में शिवम यादव (निवासी गणेशपुरा), सुमित यादव (निवासी नगला बरी) और मनकी (निवासी जखुआ) शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद भी मार्ग पर यातायात सामान्य रहा। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


