12 C
Agra
Homeदेशउत्तर से पूर्व तक ठंड का कहर: पहाड़ों में बर्फबारी, दिल्ली-एनसीआर में...

उत्तर से पूर्व तक ठंड का कहर: पहाड़ों में बर्फबारी, दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं और कोहरे से बढ़ी मुश्किलें

उत्तर भारत से लेकर पूर्वी हिस्सों तक ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, खासकर जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी जारी है। तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण नदी-नाले और जलस्रोत जमने लगे हैं। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी राज्यों में भी गलन बढ़ा दी है, जिससे दिन के समय भी कंपकंपी महसूस हो रही है। फिलहाल, इस कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

दिल्ली में बढ़ेगी सर्दी, कोहरा बनेगा मुसीबत

राजधानी में आने वाले दिनों में ठंड और तेज होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तेज सर्द हवाएं चलेंगी। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने से यातायात प्रभावित हो सकता है। 5 से 8 जनवरी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को दिनभर धूप की कमी और बर्फीली हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। दोपहर में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने राहत नहीं दी।

राजधानी में तापमान का हाल

सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री कम, 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा। आर्द्रता का स्तर भी ऊंचा रहा, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। रिज, आया नगर, लोधी रोड और पालम जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह हल्की धुंध बनी रह सकती है।

6 से 11 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम

6 से 8 जनवरी के बीच दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन सुबह हल्का से मध्यम कोहरा परेशान कर सकता है। इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की उम्मीद है। 9 से 11 जनवरी के बीच आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जिससे ठंड बनी रहेगी।

खराब श्रेणी में रही हवा

दिल्ली की हवा फिलहाल खराब श्रेणी में बनी हुई है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 244 दर्ज किया गया। एनसीआर के कई शहरों—गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम—में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही, जबकि फरीदाबाद की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही।

मैदानी राज्यों में भी गिरा पारा

पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, हरियाणा के नारनौल में 3 डिग्री, राजस्थान के वनस्थली में 4.1 डिग्री और झारखंड के लोहरदगा में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments