19.9 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर भारत में बढ़ी सर्दी की मार, यूपी-उत्तराखंड-हिमाचल में लुढ़का पारा

उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी की मार, यूपी-उत्तराखंड-हिमाचल में लुढ़का पारा

उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलते ठंड अपना असर दिखाने लगी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अयोध्या सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बरेली और कानपुर में 6.7 डिग्री जबकि बाराबंकी में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में प्रदेश में दिन और रात दोनों के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार सर्दी ज्यादा तेज रहने के आसार हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ला-नीना की कमजोर स्थिति और हिंद महासागर के तटस्थ प्रभाव के कारण इस बार दिसंबर से फरवरी तक ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। न सिर्फ रातें बल्कि दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में सुबह-शाम कंपकंपी

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में सुबह का तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में हालात और ज्यादा सख्त हैं। मसूरी, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और चमोली में न्यूनतम पारा 2 से 6 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हो रहा है। दिन के समय हल्की धूप से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात और सुबह ठंड बेहद तीखी बनी हुई है।

हिमाचल में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप तेज

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के ताबो में सोमवार रात इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस पाया गया। राजधानी शिमला में भी पहली बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज हुआ। पूरे प्रदेश में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग ने चार और पांच दिसंबर को ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं पांच दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हो सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments