नए साल की दस्तक से पहले उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण ठंड की चपेट में हैं। मैदानी इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 48 घंटों तक सुबह के समय कई राज्यों में बहुत घना कोहरा बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी 2026 तक घने कोहरे का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

इन राज्यों में जारी हुआ घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में 3 जनवरी 2026 तक कोहरे का असर बना रह सकता है। इन सभी क्षेत्रों में कोल्ड डे कंडीशन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
हिसार में सबसे ज्यादा ठंड, पारा 2.1 डिग्री तक लुढ़का
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरियाणा के हिसार में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, कई राज्यों में बारिश के आसार
30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना जताई गई है।
इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के साथ बर्फ गिर सकती है।
इसके अलावा:
- 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश
- 1 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
- 30-31 दिसंबर को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में तापमान:
- अधिकतम: 21 से 23 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम: 7 से 9 डिग्री सेल्सियस
- हवा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी, जिसकी रफ्तार 15 किमी/घंटा से कम रहने की संभावना है।


