उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने इस बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट पूरी तरह बनकर तैयार है और लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं अब अंतिम चरण में हैं।सीएम योगी ने भरोसा जताया कि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाएंगी और जल्द ही प्रधानमंत्री द्वारा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा, जो राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा।
यूपी को मिलेगा पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
फिलहाल उत्तर प्रदेश में चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालित हैं—लखनऊ का चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या का महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इन सभी में नया नाम जुड़ने वाला है। यह एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जा रहा एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जो करीब 1300 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। हालांकि इसका पहला चरण सितंबर 2024 में शुरू होना था, लेकिन निर्माण में देरी के कारण इसकी समय-सीमा कई बार आगे बढ़ानी पड़ी।
दिल्ली-एनसीआर को मिलेगा सीधा लाभ
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फायदा सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे शहरों को भी इससे बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ तेजी से विकसित किया जा रहा है। एयरपोर्ट के संचालन को और सुरक्षित व तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने टेक महिंद्रा के साथ साझेदारी की है। इसके तहत इंटीग्रेटेड नेटवर्क और सिक्योरिटी ऑपरेशन्स सेंटर की स्थापना और संचालन किया जाएगा।


