मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। तीनों युवक एक कार में सवार थे, जो अनियंत्रित होकर पथरौटा की बड़ी नहर में जा गिरी। पानी भर जाने के कारण कार का दरवाजा नहीं खुल सका और अंदर फंसे युवकों की दम घुटने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार केसला की ओर से आ रही थी। जैसे ही वाहन पुराने भोपाल–बेतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर पथरौटा नहर पुल के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और कार रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वाहन पानी में समा गया। एक युवक ने नहर में कूदकर बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन कार तेजी से डूबने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरौटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब डेढ़ से ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। वाहन के अंदर तीनों युवक मृत अवस्था में पाए गए।
पुलिस को कार से एक पैन कार्ड मिला है, जिसमें नाम लकी पटेल दर्ज है। हालांकि, मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के पीछे स्टीयरिंग फेल होना या नशे की हालत में वाहन चलाना संभावित कारण हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।


