आगरा–ग्वालियर हाईवे पर इटौरा स्थित एक साड़ी शोरूम में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई। आधी रात को लगी आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम की ऊपरी मंजिल पर रह रहा परिवार लपटों के बीच फंस गया। अचानक मची अफरा-तफरी और चीख-पुकार के बीच शोरूम संचालक, उनकी पत्नी और बेटे ने पड़ोसी की छत पर कूदकर किसी तरह जान बचाई।
घटना रात करीब तीन बजे की है। इटौरा निवासी भूपेंद्र लवानिया का “साड़ी सेंटर एवं गारमेंट्स” नाम से शोरूम है। शोरूम के ऊपर बनी दूसरी मंजिल पर वे अपने परिवार के साथ रहते हैं। भूपेंद्र के अनुसार, वे, उनकी पत्नी पूजा लवानिया और बेटा शौर्य गहरी नींद में थे। इसी दौरान बेटे शौर्य को घुटन महसूस हुई और उसकी आंख खुल गई। नीचे नजर डाली तो शोरूम से आग की तेज लपटें उठती दिखीं, जो कुछ ही पलों में विकराल रूप ले चुकी थीं। आग से घिरता देख परिवार में हड़कंप मच गया। बिना वक्त गंवाए तीनों ने पड़ोसी की छत पर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लाखों का सामान जलकर खाक
आग में शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। भूपेंद्र लवानिया ने बताया कि पहली मंजिल पर उनका साड़ी सेंटर है, जबकि दूसरी मंजिल पर उनके भाई जितेंद्र लवानिया का रेडीमेड गारमेंट्स का शोरूम है। आग की चपेट में आकर साड़ियां, पेंट-शर्ट, गर्म कपड़े, लहंगा-चुनरी, अंडरगारमेंट्स, फर्नीचर, कांच, नकदी और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गए।


