आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के पेतखेड़ा इलाके से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार बॉस बाला नाऊ की सराय निवासी बशीर शाह की बेटी शबनम की शादी करीब डेढ़ साल पहले खंदौली के भूड़ नगरीया निवासी छोटे खान के बेटे सलमान से हुई थी। शादी के बाद से ही शबनम को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के भाई जमील अहमद का कहना है कि 7 फरवरी को शबनम ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष उसके साथ मारपीट कर रहा है। अगले ही दिन रात करीब दस बजे पति सलमान, ससुर छोटे खान, सास मीना बेगम, चचिया ससुर राजीव व फिरोज, जिठानी साईना और ननद रजिया व रजनी ने मिलकर उसकी पिटाई की और हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को बेल्ट का फंदा बनाकर पंखे से लटका दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


