SDM ने कार्रवाई कर नष्ट करवाई अवैध फसल

आगरा जिले में यमुना की तलहटी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हो रही अवैध खेती के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। आदेशों की अनदेखी कर ज़मीन पर फसल बोए जाने के बाद मंगलवार को किरावली एसडीएम नीलम तिवारी के नेतृत्व में ट्रैक्टर चलवाकर फसल नष्ट करवाई गई। साथ ही दोबारा कब्जा करने वालों को भूमाफिया घोषित किए जाने की चेतावनी दी गई है।
रुनकता क्षेत्र के जुगसेना और सींगना गांव में लगभग 100 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक प्रभाव के सहारे कब्जा कर खेती की जा रही थी। यह मामला वर्ष 2024 में प्रशासन के संज्ञान में आया, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई।
जिलाधिकारी अरविंद बंगारी ने सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम किरावली ने बताया कि जमीन की पैमाइश कर चिन्हांकन के लिए मुड्ढियां लगवाई जा चुकी हैं। गांव में मुनादी के जरिए भी स्पष्ट किया गया है कि कोई व्यक्ति सरकारी ज़मीन पर कब्जे का प्रयास न करे, इसके बावजूद कुछ लोग फसल बोकर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे लोगों के विरुद्ध तहसील स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें भूमाफिया घोषित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते दिनों 16 हेक्टेयर निजी भूमि को चिन्हित किया गया था, जिस पर कोई प्रतिबंध नहीं है, जबकि शेष भूमि पूरी तरह सरकारी है, जहां खेती या कब्जे की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह मुद्दा पिछले साल विधानसभा में भी उठ चुका है।


