आगरा में मेट्रो प्रोजेक्ट के दौरान हादसा, दुकान और मकान क्षतिग्रस्त
आगरा: Agra Metro के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को प्रतापपुरा इलाके में बड़ा हादसा हो गया। एमजी रोड पर चल रही खुदाई के बीच करीब 25 फीट ऊंची एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पास की इमारत पर जा गिरी। घटना देवीराम हलवाई के पास हुई, जहां मेट्रो का कार्य जारी था। बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान क्रेन का एक पहिया अचानक जमीन में धंस गया। संतुलन बिगड़ते ही मशीन करुणा नगर निवासी प्रभुकांत नागर के मकान की ओर झुक गई और सीधे शराब के ठेके की छत पर जा गिरी।
हादसे में शराब की दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मकान के अगले हिस्से में ठेका संचालित होता है, जबकि पीछे परिवार रहता है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई बड़ा जनहानि की सूचना नहीं मिली, हालांकि संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।


