मंगलवार को आगरा मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की 151वीं बोर्ड बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आवास, खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से संबंधित योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई।
शास्त्रीपुरम हाइट्स के फ्लैट हो सकते हैं सस्ते
एडीए की शास्त्रीपुरम हाइट्स आवासीय योजना में फ्लैटों की कमजोर बिक्री को देखते हुए उनकी कीमतों पर दोबारा विचार करने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत कुल 336 फ्लैट बनाए गए थे, जिनमें से अब तक केवल 93 की ही बिक्री हो पाई है। ऐसे में आने वाले समय में फ्लैटों की दरें कम की जा सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंडोर स्टेडियम की तैयारी
शहर की पर्यटन पहचान और उभरती खेल प्रतिभाओं को ध्यान में रखते हुए आगरा में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला इनडोर स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दिशा में जल्द ही विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
बजट का खाका हुआ पेश
आगामी वित्तीय वर्ष के लिए एडीए ने बजट का प्रारूप बोर्ड के सामने रखा।
- वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 दिसंबर तक 891.45 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि 543.38 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
- वर्ष 2026-27 में विकास और अन्य योजनाओं पर 1174.75 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है, वहीं अनुमानित आय 1549.65 करोड़ रुपये रखी गई है।
अलोकप्रिय संपत्तियों की एकमुश्त बिक्री
ताजनगरी एडीए हाइट्स योजना में 170 फ्लैटों को अलोकप्रिय संपत्ति घोषित किया गया है। बोर्ड ने इन फ्लैटों को एकमुश्त बेचने का निर्णय लिया है, ताकि प्राधिकरण को राजस्व मिल सके।
सीलिंग की जमीनें होंगी अतिक्रमण मुक्त
ककरेठा, बोदला और सिकंदरा क्षेत्रों में अर्बन सीलिंग विभाग से प्राप्त भूमि पर पार्क विकसित किए जाएंगे। अवैध कब्जों को रोकने के लिए इन जमीनों पर तारबंदी (फेंसिंग) करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पार्कों के साथ पार्किंग और अन्य सुविधाएं जोड़ने का सुझाव रखा गया।
इन मुद्दों पर भी हुई अहम चर्चा
- सूरसदन परियोजना में पीपीपी मॉडल पर बिड न मिलने के कारण नए सिरे से व्यावहारिक दरें तय कर दोबारा टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
- पंचकुइयां स्थित शू-प्लाजा की खाली दुकानों के आवंटन को लेकर व्यापार मंडलों से मिले सुझावों की रिपोर्ट शासन को भेजी गई।
- शास्त्रीपुरम और यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नाला निर्माण को जल्द वित्तीय मंजूरी दी जाएगी।
- अमृत योजना के अंतर्गत टीओडी जोन के जोनल डेवलपमेंट प्लान पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बोर्ड बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मौली, सचिव श्रद्धा शांडिल्यायन, स्मिता निगम सहित गैर-सरकारी सदस्य शिव शंकर शर्मा और नागेंद्र प्रसाद दुबे मौजूद रहे।


