आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव जाजऊ में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पुलिस ने जलती हुई चिता से एक महिला का शव बाहर निकलवाया। महिला के पिता ने दामाद पर बेटी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। किरावली निवासी निजाम पुत्र अलादीन ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी सना उर्फ मोहिनी करीब पांच वर्ष पहले गांव जाजऊ निवासी अजीत पुत्र सौदान सिंह के साथ रहने लगी थी। आरोप है कि अजीत अक्सर सना के साथ मारपीट करता था। बुधवार को भी उसने बेटी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी और उसके परिजन सना का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सना के पिता को दी। सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पिता की शिकायत पर फतेहपुर सीकरी पुलिस श्मशान घाट पहुंची और जलती चिता से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता के लगाए गए आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


