14 C
Agra
Homeदुनियाअमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान का कहर, 35 की मौत, टेक्सास में...

अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान का कहर, 35 की मौत, टेक्सास में तीन मासूम भाइयों की दर्दनाक हादसे में जान गई

कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से अमेरिका बेहाल, कई राज्यों में आपातकाल जैसे हालात

अमेरिका इस वक्त कई दशकों की सबसे खतरनाक ठंड और बर्फीले तूफान की चपेट में है। पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब तक कम से कम 35 लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं में टेक्सास के तीन मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

टेक्सास में टूटी बर्फ, तीन मासूम भाइयों की मौत

Texas के बोनहम शहर में एक निजी तालाब पर जमी बर्फ अचानक टूट गई। इस हादसे में 6, 8 और 9 साल के तीन भाई — हॉवर्ड, कालेब और ईजे — ठंडे पानी में गिर गए। बर्फीला पानी और कमजोर बर्फ उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।

मां की आंखों के सामने टूटा सब कुछ

बच्चों की मां शायेन हैंगमैन ने बताया कि बच्चे मदद के लिए चीख रहे थे। वह खुद तालाब में उतरीं, लेकिन हर कदम पर बर्फ टूटती चली गई। दो बड़े बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, मगर सबसे छोटे बच्चे को ढूंढने में काफी समय लग गया। बाद में अधिकारियों ने तीनों की मौत की पुष्टि की।

अलग-अलग राज्यों में मौत का आंकड़ा बढ़ा

ठंड और बर्फ से जुड़ी घटनाओं में टेनेसी, अरकांसस, नॉर्थ कैरोलाइना, मैसाचुसेट्स, ओहियो, न्यूयॉर्क और लुइसियाना जैसे राज्यों से मौत की खबरें सामने आई हैं।
New York City में ही 10 लोग ठंड से मृत पाए गए, जिनमें कई बेघर लोग भी शामिल हैं।

2,100 किलोमीटर तक बर्फ की चादर

अरकांसस से लेकर न्यू इंग्लैंड तक करीब 1,300 मील (2,100 किमी) इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। सड़कों, घरों और खेतों पर मोटी बर्फ जम चुकी है। दक्षिणी राज्यों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है।
उत्तरी फ्लोरिडा में पारा -3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो वहां के लिए बेहद असामान्य है।

मौसम विभाग की सख्त चेतावनी

National Weather Service ने कहा है कि यह कई सालों की सबसे लंबी और खतरनाक ठंड की लहर हो सकती है। पूर्वी तट पर एक और शक्तिशाली बर्फीला तूफान आने की आशंका जताई गई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।

बिजली गुल, ठंड में बेहाल लोग

तूफान के चलते 4.48 लाख से ज्यादा घरों और व्यवसायों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। टेनेसी और मिसिसिपी सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
ऊर्जा कंपनी एंटरजी के मुताबिक, मिसिसिपी के कुछ इलाकों में कई दिन तक बिजली बहाल नहीं हो पाएगी। लोग मजबूरी में गैस स्टोव और हीटर से घर गर्म करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।

आपातकाल और राहत की मांग

मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीव्स ने कई काउंटियों में आपातकाल घोषित कर फेडरल मदद मांगी है। नैशविले में 1.1 लाख से ज्यादा घर अब भी अंधेरे में हैं और हजारों लोग शेल्टर होम या होटलों में शरण ले चुके हैं। केंटकी के गवर्नर ने चेताया है कि बाहर सिर्फ 10 मिनट रहना भी फ्रॉस्टबाइट या हाइपोथर्मिया का कारण बन सकता है।

आगे और मुश्किल दिन

हालांकि उड़ानों और परिवहन सेवाओं को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और तूफान लाखों लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकते हैं

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments