अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में कथित घरेलू विवाद के चलते हुई गोलीबारी में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इस घटना की पुष्टि अटलांटा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वारदात शुक्रवार तड़के (स्थानीय समयानुसार) हुई। घटना के समय घर में तीन बच्चे मौजूद थे, जो किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास का बयान
अटलांटा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि इस मामले में कथित हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। दूतावास ने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराई जा रही है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और भारतीय समुदाय के लिए गहरा आघात है।
मृतकों की पहचान
स्थानीय चैनल फॉक्स5 अटलांटा के अनुसार, इस मामले में 51 वर्षीय विजय कुमार को संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में जिन चार लोगों की मौत हुई, उनमें उनकी पत्नी मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) शामिल हैं। आरोपी पर चार लोगों की हत्या, बच्चों के साथ क्रूरता और जानबूझकर हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने क्या बताया
ग्विनेट काउंटी पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 2:30 बजे ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके से आपात कॉल मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां चार वयस्कों के शव मिले, जिन पर गोलियों के निशान थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घर में मौजूद तीन बच्चों ने खुद को बचाने के लिए अलमारी में छिपकर जान बचाई। बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें आवश्यक सहायता दी जा रही है।


