वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को एक महिला श्रद्धालु और मंदिर के सेवायत गोस्वामी के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गोस्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उत्तराखंड के सितारगंज (उधम सिंह नगर) की रहने वाली सुमित्रा शुक्रवार सुबह दर्शन के लिए मंदिर पहुंचीं। आरोप है कि जब वे मंदिर प्रांगण में लगी रेलिंग के गेट की ओर बढ़ीं, तभी वहां मौजूद मोहित गोस्वामी ने उनका हाथ पकड़कर मरोड़ दिया और कथित तौर पर पैसे मांगते हुए दर्शन से रोकने की धमकी दी। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना में सुमित्रा के हाथ में गंभीर चोट आई। मंदिर परिसर में मौजूद चिकित्सा दल ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। इसी बीच, मंदिर के गेट नंबर दो पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड के साथ भी सेवायत गोस्वामी द्वारा मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। राजस्थान सिक्योरिटी एजेंसी के गार्ड अनिल कुमार ने कोतवाली में दी शिकायत में आरोप लगाया कि एक वृद्ध सेवायत गोस्वामी ने उनके साथ अभद्रता की और डंडे से हमला किया। गार्ड का कहना है कि शिकायत करने पर भी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तत्काल कोई मदद नहीं की। दोनों मामलों को लेकर पीतम पाल सिंह ने बताया कि संबंधित तहरीरें प्राप्त हो चुकी हैं और जांच जारी है। दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


